इंश्योरेंस के नाम पर लाखों रुपए ऐंठने वाला आरोपी चंडीगढ़ से गिरफ्तार
HNN/सोलन
पुलिस थाना सदर सोलन की टीम ने धोखाधड़ी व ठगी के आरोपी में मोहन सिंह रावत नामक एक व्यक्ति को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है। मोहन सिंह पर आरोप है कि इसने इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर एक व्यक्ति से करीब 40 लाख रुपये की ठगी की है। ठगी का आरोपी पौड़ी-गढ़वाल उतराखंड का रहने वाला है।
पुलिस के मुताबिक जनवरी 2023 में थाना सदर सोलन में श्याम सुंदर गुप्ता निवासी तार फैक्टरी सोलन ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि 15 अप्रैल 2010 को इन्होंने कोटला नाला स्थित भारत एएक्सए लाइफ ब्रइट प्लस नाम की कंपनी में कार्यरत कर्मचारी मोहन सिंह रावत के माध्यम से एक इंश्योरेंस पॉलिसी करवाई थी।
शुरू में इन्होंने पॉलिसी के लिए 93 हजार रुपये किश्त के तौर दिये। इसके उपरांत मोहन सिंह रावत इनके घर आया व इनकी पुरानी इंश्योरेंस पॉलिसी बंद करके इनके बेटे के नाम से नई इंश्योरेंस पॉलिसी बना दी। और फिर से 16,32,050 रुपये इनसे बिना रसीद के ले गया। पीड़ित श्याम सुदंर का कहना है कि इस बीच मोहन सिंह इनसे कई दफा इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर पैसे ऐंठता रहा।
जब ये लोग मोहन सिंह से इंश्योरेंस पॉलिसी के बारे पता करने चंडीगढ़ गए तो उसने उन्हें यह कह कर वापस भेज दिया कि कंपनी के सारे कर्मचारी अमृतसर गए है। जबकि वास्तव में यह किसी भी कंपनी का कर्मचारी नहीं था। श्याम सुंदर की शिकायत पर थाना सदर सोलन में आरोपी मोहन सिंह रावत के खिलाफ 5 जनवरी 2023 को धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
इस मामले की छानबीन के दौरान आरोपी को अदालत में पेश करके 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। अभी तक की जांच में इसके खिलाफ साढ़े 6 लाख रुपये की ठगी का केस जिला ऊना में भी पंजीकृत पाया गया है। मामले की पुष्टि सोलन एसपी गौरव सिंह ने की। उन्होंने कहा कि पुलिस पता ललगा रही है कि आरोपी ने कितने और लोगों से पैसे ऐंठे हुए हैं।