Loading...

इलाज के लिए नाहन आ रहे बुजुर्ग की सड़क हादसे में मौत, बेटा गंभीर घायल

Shailesh Saini • 1 Hour Ago • 1 Min Read

हिमाचल नाऊ न्यूज़ | नाहन

सिरमौर जिले के पांवटा साहिब-नाहन-कालाअंब राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में इलाज के लिए नाहन आ रहे एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का उपचार डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, नाहन में चल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शिलाई क्षेत्र के गांव क्यारी गुंडाह निवासी सामिया राम (68) पुत्र ढोंडू राम की तबीयत खराब थी। उनका बेटा जगपाल (20) उन्हें बाइक पर बैठाकर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन ला रहा था। इसी दौरान शंभुवाला के समीप उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी।

हादसा इतना भीषण था कि सामिया राम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि जगपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायल युवक को 108 एंबुलेंस की सहायता से मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बाइक चालक के नियंत्रण खोने से हादसा हुआ या फिर किसी अन्य वाहन की टक्कर के बाद यह दुर्घटना हुई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।

Related Topics: