Loading...

नाहन के वैकल्पिक बाईपास ने पकड़ी रफ्तार, अप्रैल से पहले डामरीकरण के लिए तैयार होगी सड़क

Shailesh Saini • 10 Nov 2026 • 1 Min Read

बनोग-धारक्यारी-कांशीवाला मार्ग पर पुल, पैरापिट और कल्वर्ट निर्माण आधे से अधिक पूरा, 12.30 करोड़ रुपये से हो रहा 9.30 किलोमीटर सड़क का निर्माण

हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन

जिला सिरमौर मुख्यालय नाहन शहर को बढ़ते ट्रैफिक दबाव और आए दिन लगने वाले जाम से राहत दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण माने जा रहे वैकल्पिक बाईपास सड़क निर्माण ने रफ्तार पकड़ ली है। बनोग-धारक्यारी-कांशीवाला मार्ग पर निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। करीब 12.30 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही 9.30 किलोमीटर लंबी इस सड़क के तहत ब्लाइंड स्पॉट सुधारने के साथ-साथ खड्डों और नालों पर पुल, पुलियों, पैरापिट और कल्वर्ट निर्माण का काम आधे से अधिक पूरा हो चुका है। निर्माण कार्य की मौजूदा गति बरकरार रही तो अप्रैल में शुरू होने वाले टायरिंग सीजन से पहले सड़क को डामरीकरण के लिए पूरी तरह तैयार करने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

नाहन शहर की यातायात व्यवस्था लंबे समय से एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। शहर से होकर गुजरने वाला नेशनल हाईवे-907ए भौगोलिक परिस्थितियों और संकरे मार्गों के कारण नेशनल हाईवे-07 से अपेक्षित रूप से सीधे नहीं जुड़ पाता। गोबिंदगढ़ मोहल्ले से होकर गुजरने वाले इस मार्ग पर भारी वाहनों और बढ़ते यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। सड़क की सीमित चौड़ाई के चलते कई बार यहां घंटों तक यातायात बाधित रहता है। इसका असर न केवल स्थानीय लोगों, बल्कि नाहन से होकर गुजरने वाले बाहरी वाहन चालकों पर भी पड़ता है।

ऐसे में बनोग-धारक्यारी-कांशीवाला सड़क को नाहन के लिए एक महत्वपूर्ण वैकल्पिक बाईपास के रूप में देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लोक निर्माण विभाग इस मार्ग का निर्माण करवा रहा है। इसके पूरा होने से शहर के भीतर से गुजरने वाले यातायात को वैकल्पिक रास्ता मिलने की उम्मीद है। खासकर भारी वाहनों और आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले वाहनों को शहर के संकरे हिस्सों से बचाने में यह सड़क अहम भूमिका निभा सकती है।

नाहन शहर के दोनों राष्ट्रीय राजमार्गों की कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के लिए शहर के निचले हिस्से से सुरंग निर्माण की योजना पर भी चर्चा होती रही है। हालांकि, यह प्रस्ताव अभी तक धरातल पर आगे नहीं बढ़ पाया है। ऐसे में मौजूदा परिस्थितियों में बनोग-धारक्यारी-कांशीवाला मार्ग ही शहर को वैकल्पिक यातायात सुविधा देने वाली महत्वपूर्ण परियोजना के रूप में सामने आया है।

गौरतलब है कि इस सड़क का मामला कई दशकों तक आर्मी और सिविलियन विवाद के कारण उलझा रहा। यही वजह रही कि यह मार्ग लंबे समय तक चुनावी मुद्दा भी बना रहा। तमाम बाधाओं से निकलने के बाद अब सड़क निर्माण का काम धरातल पर आगे बढ़ रहा है। लिहाजा इस परियोजना पर सत्ता पक्ष के साथ-साथ विपक्ष की भी नजरें टिकी हुई हैं। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि सड़क तैयार होने से नाहन की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव आएगा।

लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता आलोक जवनेजा ने बताया कि सड़क पर चल रहे निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है। विशेष रूप से निर्माण की गुणवत्ता पर बारीकी से नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि फिलहाल टायरिंग का सीजन नहीं है। अप्रैल में टायरिंग सीजन शुरू होने से पहले सड़क को मेटलिंग सहित अन्य आवश्यक कार्यों के लिए पूरी तरह तैयार कर दिया जाएगा।