ईडी ने नालागढ़ की शराब फैक्ट्री व करोड़ो की संपत्ति को किया जब्त

ED.jpg

HNN/सोलन

हिमाचल प्रदेश में जिला सोलन के नालागढ़ में केंद्रीय प्रर्वतन निदेशालय (ईडी) ने एक शराब फैक्ट्री को जब्त कर लिया है। इतना ही नहीं ईडी ने कंपनी की नालागढ़ और अरुणाचाल प्रदेश स्थित कुल 9.31 करोड़ रुपए की संपत्ति भी जब्त की है।

बता दें यह कंपनी यहां बनी शराब को बिहार राज्य में भेजती थी। जोकि वहां महंगे दामों पर बेची जाती थी। जिससे उद्योगपति ने करोड़ों रुपयों का धनशोधन किया। बता दें कि ईडी ने अपने सोशल मीडिया साइट एक्स पर बताया कि उन्होंने नालागढ़ में मेसर्ज कालाअंब डिस्टिलरी एंड ब्रेवरी प्राइवेट लिमिटेड की 5.31 करोड़ की संपत्ति जब्त की है।

इसके अलावा उन्होंने चार करोड़ की संपत्ति अरुणाचल प्रदेश के हालोंगी गांव में जब्त की है। यह संपत्ति दोर्जी फुट्सो ख्रीमे के नाम पर दर्ज कराई गई थी। बता दें ईडी द्वारा दोनों स्थानों पर कंपनी की 22504 वर्ग मीटर भूमि जब्त की गई है। नालागढ़ में जब्त संपत्ति में फैक्ट्री, भवन व एक भूखंड शामिल है।

बता दें कि ईडी द्वारा जब बिहार में शराब आपूर्ति करने वाली शराब फैक्ट्री का पता लगाया गया तो पता चला कि हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ में स्थित कालाअंब डिस्टिलरी एंड ब्रेवरी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा यहां अवैध तरीके से शराब बेची जा रही है। जिसके बाद ईडी ने धनशोधन निवारण अधिनियम 2002 के प्रावधानों के तहत यह कार्यवाही की है।