HNN/सोलन
51-नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में उप-चुनाव के दृष्टिगत ज़िला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा की अध्यक्षता में आज उपायुक्त कार्यालय के एन.आई.सी. सभागार में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) व वोटर वैरिफाइड पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) मशीनों की मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में प्रथम स्तरीय रैंडमाइजेशन की गई।
मनमोहन शर्मा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 51-नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए उपलब्ध बैलेट यूनिट (बीयू)-169, कन्ट्रोल यूनिट (सीयू)-169 तथा वीवीपैट-181 मशीनों की प्रथम स्तरीय छंटनी प्रक्रिया मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की उपस्थिति में कम्प्यूटर सॉफ्टवेयर के माध्यम से पूरी पारदर्शिता के साथ की गई।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ईवीएम व वीवीपैट अतिरिक्त संख्या में रखी जानी अनिवार्य हैं ताकि मतदान के दौरान इनमें कोई खराबी आने पर तुरंत दूसरी ईवीएम से बदला जा सके।
ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 51-नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के 121 मतदान केन्द्रों के लिए 169 बीयू, 169 सीयू तथा 181 वीवीपैट उपलब्ध हैं। इस अवसर पर ज़िला के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को ईवीएम तथा वीवीपैट के रैंडमाइजेशन की एक-एक सत्यापित प्रति भी उपलब्ध करवाई गई।

