उपायुक्त ने नशा निवारण एवं पुनर्वास केंद्र घालूवाल का किया निरीक्षण

हिमाचल न्यूज़ | लेटेस्ट हिमाचल न्यूज़

उपायुक्त ने केंद्र की व्यवस्थाओं और सुविधाओं का लिया जायजा

ऊना, 17 फरवरी। उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने सोमवार को घालूवाल स्थित नशा निवारण एवं पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध उपचार सुविधाओं और व्यवस्थाओं का राष्ट्रीय मानकों के आधार पर मूल्यांकन किया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पुनर्वास केंद्र में दी जा रही व्यक्तिगत काउंसलिंग, योग, व्यायाम और आवश्यक दवाइयों की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र में रह रहे लोगों से मुलाकात कर उनकी स्थिति को समझा और नशे से छुटकारा पाने की प्रक्रिया में आ रहे सकारात्मक बदलावों पर फीडबैक प्राप्त किया।

उपचाराधीन युवाओं का हौसला बढ़ाया

उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि यह नशा निवारण केंद्र गुंजन संस्था द्वारा संचालित किया जा रहा है, जहां इस समय 13 लड़कों का उपचार किया जा रहा है। उन्होंने उपचाराधीन युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि सही समय पर इलाज से नशे की लत से छुटकारा पाना संभव है।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि मजबूत मानसिक शक्ति, प्रभावी उपचार और सकारात्मक वातावरण के माध्यम से व्यक्ति जल्दी नशे से मुक्त हो सकता है। उन्होंने केंद्र में दी जा रही सुविधाओं में और सुधार लाने पर भी जोर दिया ताकि अधिक से अधिक युवाओं को इस केंद्र का लाभ मिल सके।

रेडक्रॉस सोसाइटी और गुंजन संस्था के प्रतिनिधि रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव एवं क्रेडिट प्लानिंग अधिकारी ऊना संजय सांख्यान सहित गुंजन संस्था के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। उन्होंने भी केंद्र में मौजूद व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और इसके संचालन को बेहतर बनाने के लिए सुझाव दिए।