हटली पंचायत में आवारा घूम रहे दो बैलों को पशुपालन विभाग की टीम ने पकड़ा, गौ अभयारण्य थाना खास में दिलाया आश्रय
उप मंडल बंगाणा के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत हटली के अंतर्गत विभिन्न गांवों में लंबे समय से आवारा घूम रहे दो बैलों को पशुपालन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पकड़कर सुरक्षित गौ अभयारण्य थाना खास में आश्रय दिलाया। पशुपालन विभाग उपमंडल बंगाणा की इस कार्रवाई से क्षेत्र के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत हटली के हटली, पटियाला तथा मरोट गांवों में ये दोनों बैल पिछले काफी समय से खुले में घूम रहे थे। आवारा बैलों के कारण स्थानीय किसानों को अपनी फसलों की सुरक्षा को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ये बैल खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे थे। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने पशुपालन विभाग से उचित कार्रवाई करने की मांग उठाई थी।
ग्रामीणों की मांग पर वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश जंगा ने त्वरित संज्ञान लेते हुए अपनी टीम गठित की और स्वयं टीम का नेतृत्व किया। टीम ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से दोनों आवारा बैलों को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया तथा उन्हें गौ अभयारण्य थाना खास में आश्रय के लिए भेज दिया।
इस अभियान में विभाग की ओर से श्री भीम सिंह, श्री सुरेश कुमार, श्री वीरेंद्र सिंह तथा श्री संसार चंद ने सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने भी बैलों को पकड़ने में पशुपालन विभाग की टीम को पूरा सहयोग दिया। वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश जंगा ने इस सफल कार्रवाई के लिए अपनी टीम के सदस्यों के साथ-साथ सहयोग करने वाले सभी स्थानीय ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए विभाग ने तत्परता से कार्रवाई की है, ताकि किसानों को आवारा पशुओं से होने वाले नुकसान से राहत मिल सके।

