अनुराग ठाकुर के 8 रेल प्रस्ताव हिमाचल के विकास को देंगे नई रफ्तार : मनोज डोगरा
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग ठाकुर द्वारा हिमाचल प्रदेश में रेल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से केंद्रीय रेल मंत्री के समक्ष रखे गए आठ महत्वपूर्ण प्रस्तावों का चिंतपूर्णी मीडिया प्रभारी मनोज डोगरा ने स्वागत किया है। उन्होंने इन प्रस्तावों को प्रदेश के विकास, औद्योगिक विस्तार, पर्यटन संवर्धन और आर्थिक प्रगति की दिशा में एक दूरदर्शी एवं सराहनीय पहल करार दिया।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
मनोज डोगरा ने कहा कि सांसद अनुराग ठाकुर प्रदेश की वर्तमान आवश्यकताओं के साथ-साथ भविष्य की संभावनाओं को ध्यान में रखकर विकास की योजनाओं को आगे बढ़ा रहे हैं। मार्च 2028 तक बिलासपुर में रेलगाड़ी पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित करना प्रदेशवासियों के लिए उत्साहजनक खबर है। बिलासपुर तक रेल सुविधा पहुंचने से न केवल यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, बल्कि व्यापार, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि चिंतपूर्णी एक्सप्रेस को मुंबई तक विस्तारित करने का प्रस्ताव हिमाचल प्रदेश को देश की आर्थिक राजधानी से सीधे जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल है। मुंबई जैसे बड़े व्यावसायिक केंद्र से सीधी रेल कनेक्टिविटी स्थापित होने पर माता श्री चिंतपूर्णी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम यात्रियों को काफी लाभ होगा। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ ऊना सहित आसपास के क्षेत्रों के कारोबार को भी नई गति मिलेगी।
मनोज डोगरा ने कहा कि ऊना जिले के हरोली में विकसित हो रहे बल्क ड्रग पार्क के लिए भी बेहतर रेल कनेक्टिविटी बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। रेल परिवहन की बेहतर व्यवस्था से औद्योगिक कच्चे माल की आपूर्ति, तैयार उत्पादों की ढुलाई और लॉजिस्टिक्स सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। इससे औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा और प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने की संभावनाएं बढ़ेंगी।
उन्होंने कहा कि ऊना-अंब-अंदौरा रेल कॉरिडोर का विस्तार, रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण, नई रेलगाड़ियों का संचालन और यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाना समय की मांग है। हिमाचल प्रदेश में रेल नेटवर्क के विस्तार को केवल वर्तमान जरूरतों तक सीमित रखने के बजाय भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालीन योजना के तहत आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
मनोज डोगरा ने सांसद अनुराग ठाकुर के प्रयासों की सराहना करते हुए केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय से आग्रह किया कि प्रदेश हित से जुड़े इन आठों प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए बेहतर रेल कनेक्टिविटी बेहद जरूरी है। इन योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन प्रदेश में पर्यटन, उद्योग, व्यापार और रोजगार के नए द्वार खोलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

