उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने उद्योगपति एवं ज़ीस्केलर कंपनी के (सीईओ) से की मुलाकात
Himachalnow / शिमला
उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने 14 दिसंबर (शनिवार) देर शाम चंडीगढ़ में विश्वविख्यात उद्योगपति और ज़ीस्केलर कंपनी के सीईओ जय चौधरी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जय चौधरी की सफलता और मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि चौधरी, ऊना जिले के पनोह गांव से संबंध रखते हैं और अपनी कड़ी मेहनत से उन्होंने वैश्विक मंच पर हिमाचल का नाम रोशन किया है। उनका जीवन राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत है।
उप-मुख्यमंत्री ने जय चौधरी को हिमाचल, विशेषकर ऊना, आने का निमंत्रण दिया। जय चौधरी ने इस निमंत्रण को विनम्रता से स्वीकार करते हुए राज्य के विकास में सहयोग देने की इच्छा जताई। उन्होंने साइबर सुरक्षा, सूचना प्रौद्योगिकी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में कार्य करने का प्रस्ताव दिया। उन्होंने यह भी कहा कि इन क्षेत्रों में काम करने के लिए जल्द ही हिमाचल का दौरा कर एक विस्तृत योजना तैयार करेंगे।
इस अवसर पर ट्रिपल आईटी ऊना के अध्यक्ष रवि शर्मा, निदेशक मनीष गौड़ और उप-मुख्यमंत्री के ओएसडी विक्रांत ठाकुर भी उपस्थित रहे।
