ऊना-अंब हाईवे पर स्कूटी और स्कॉर्पियो की टक्कर, हमीरपुर के दो युवकों की दर्दनाक मौत
रविवार दोपहर अंब-ऊना नेशनल हाईवे पर हुए एक भीषण हादसे में स्कूटी सवार दो युवकों की जान चली गई। हमीरपुर के रहने वाले दोनों युवक अंब से ऊना की ओर जा रहे थे, तभी उनकी स्कूटी स्कॉर्पियो से टकरा गई।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
कटौहड़ कलां के पास हुआ हादसा, स्कूटी के उड़े परखच्चे
रविवार को दोपहर बाद कटौहड़ कलां के समीप अंब-ऊना हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में स्कूटी सवार दो युवकों की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सामने से आ रही स्कॉर्पियो गाड़ी से स्कूटी की सीधी टक्कर हो गई, जिससे स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर बुरी तरह गिर पड़े।
मृतकों की पहचान हमीरपुर के 22 वर्षीय युवकों के रूप में हुई
हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान राजेश कुमार (पुत्र जागीर सिंह, निवासी केहरवीं) और अक्षय (पुत्र अशोक कुमार, निवासी घरान बाड़ी) के रूप में हुई है। दोनों की उम्र 22 वर्ष थी और उनकी असामयिक मृत्यु से उनके गांव और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पहुंचकर की मदद, पर नहीं बच पाई जान
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल एम्बुलेंस को बुलाया गया। दोनों घायलों को सिविल अस्पताल अंब ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने के कारण उन्हें ऊना रेफर किया गया। ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
अस्पताल में पसरा मातम, परिजन और दोस्त सदमे में
दुर्घटना की खबर सुनकर अस्पताल पहुंचे परिजन और मित्र गहरे सदमे में आ गए। युवकों की अचानक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और स्कॉर्पियो वाहन को कब्जे में लिया गया है।