Loading...

ऊना / रैसरी गांव में स्कूल बस की चपेट में आने से दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल

By हिमांचलनाउ डेस्क नाहन Published: 9 Mar 2026, 1:38 PM | Updated: 9 Mar 2026, 6:11 PM 1 min read

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

ऊना जिला मुख्यालय के साथ लगते गांव रैसरी में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा पेश आया, जिसमें एक निजी स्कूल की बस की चपेट में आने से दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत के चलते PGI चंडीगढ़ रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रैसरी निवासी सुशील के दो बच्चे आशश्वी और परीक्षा, जो LKG और UKG कक्षा के छात्र हैं, रोजाना की तरह स्कूल बस से घर लौटे थे। बस चालक ने बच्चों को घर के पास उतारने के बाद जब बस को आगे बढ़ाकर मोड़ने की कोशिश की, उसी दौरान दोनों बच्चियों अचानक बस की चपेट में आ गई।

हादसे में दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने बच्चों को बस के नीचे से बाहर निकाला और तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कूल बस रोजाना बच्चों को यहां उतारकर बाकी बच्चों को छोड़ने के लिए वापस मुड़ती थी, लेकिन सोमवार को अचानक यह हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो स्कूल बस (टेम्पू ट्रेवलर) वहां मौजूद नहीं थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

वहीं क्षेत्रीय अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि दोनों बच्चों को गंभीर चोटें आई थीं, इसलिए बेहतर उपचार के लिए उन्हें PGI चंडीगढ़ रेफर किया गया है।