ऊना के घालूवाल पुल के पास झग्गी में आपसी विवाद के बाद सरिये और डंडे से हमला कर प्रवासी मजदूर की हत्या
ऊना
तीन आरोपियों ने मिलकर बेरहमी से की हत्या, पत्नी भी घायल, पुलिस ने किया गिरफ्तार
ऊना जिले के घालूवाल पुल के पास झुग्गी में रहने वाले प्रवासी मजदूरों के बीच मामूली विवाद जानलेवा बन गया। बिहार निवासी प्रमोद सिंह की सरिये, डंडे और बेलचे से हमला कर हत्या कर दी गई। इस हमले में प्रमोद सिंह की पत्नी कबूतरी देवी भी घायल हो गई।
घटना शनिवार रात की है। प्रमोद सिंह अपने परिवार के साथ घालूवाल पुल के पास झुग्गी में रहता था। उसी इलाके में रहने वाले सूचित महतो उर्फ फौजी, उसके बेटे अंकुश और अनीश ने किसी बात को लेकर पहले बहस की और फिर हथियार लेकर हमला कर दिया।
आरोपी झुग्गी में घसीट ले गए प्रमोद सिंह
कबूतरी देवी के अनुसार, उसके पति प्रमोद सिंह को आरोपी झुग्गी से खींचकर ले गए और सरिये, डंडे व बेलचे से हमला किया। बीच-बचाव करने आई कबूतरी देवी पर भी बेलचे से वार किया गया।
घायल हालत में प्रमोद सिंह को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
तीनों आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने किया मामला दर्ज
पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि सूचित महतो (50), अंकुश (24) और अनीश (20) तीनों बिहार जिला खगड़िया के निवासी हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या सहित एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।