Arrest / LPU हिंसा मामले में मंडी का नाबालिग छात्र गिरफ्तार, मिग-23 पर चढ़ने का वीडियो हुआ था वायरल
Arrest / पंजाब के जालंधर स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में हिंसा और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने पांच युवाओं को गिरफ्तार किया है। इनमें हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले का एक नाबालिग छात्र भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, नाबालिग की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की गई। वह विश्वविद्यालय परिसर के बाहर स्थापित मिग-23UM लड़ाकू विमान पर चढ़ा दिखाई दिया था और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
मंडी
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद मिग-23UM पर चढ़े नाबालिग की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया। वह मंडी जिले का रहने वाला है और उसके पिता मंडी के उपायुक्त कार्यालय में अधिकारी के पद पर तैनात हैं। वायरल वीडियो में नाबालिग लड़ाकू विमान पर खड़ा नजर आया था, जबकि उसके पीछे आग की लपटें दिखाई दे रही थीं। घटना के बाद उसकी तस्वीर भी सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुई थी।
हिंसा मामले में नौ गिरफ्तारियां
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी हिंसा मामले में डीआईजी नवीन सिंगला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अब तक नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें तीन आरोपी फगवाड़ा, दो जम्मू और दो मुंबई से पकड़े गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में सात छात्र और दो बाहरी व्यक्ति शामिल हैं। पुलिस ने जांच के दौरान कुल 20 आरोपियों की पहचान कर उन्हें मामले में नामजद किया है। प्रकरण में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
विश्वविद्यालय के चांसलर अशोक मित्तल ने कहा कि परिसर के बाहर मिग-23 और वर्ष 1971 के युद्ध में इस्तेमाल किया गया टैंक स्थापित है। उन्होंने कहा कि ये सैन्य बलों का उत्साह बढ़ाने और युवाओं को प्रेरित करने के उद्देश्य से लगाए गए हैं। विश्वविद्यालय में छात्रा से दुष्कर्म की अफवाह के बाद हंगामा हुआ था। छात्रों के प्रदर्शन के दौरान आगजनी और तोड़फोड़ की गई थी तथा हाईवे भी जाम किया गया था।