Loading...

ऊना के जननी में सड़क किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, नशे की आशंका

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 8 Mar 2026 • 1 Min Read

ऊना जिले के हरोली उपमंडल के जननी क्षेत्र में सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में चिंता का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

ऊना/हरोली/वीरेंद्र बन्याल

क्रशर रोड के पास मिला युवक का शव

पुलिस थाना हरोली को सूचना मिली कि जननी के पास क्रशर रोड पर एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। जांच के दौरान मृतक की पहचान सौरव पुत्र संतोख सिंह निवासी जैजो, पंजाब के रूप में हुई, जिसकी उम्र करीब 18 वर्ष बताई जा रही है।

मौके से बाइक और सिरिंज बरामद

पुलिस के अनुसार मृतक के पास एक बाइक, एक सिरिंज और कुछ अन्य सामान भी बरामद हुआ है। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के मारपीट या चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। मौके से सिरिंज मिलने के कारण आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत नशे के कारण हुई हो सकती है, हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

पोस्टमार्टम के लिए टांडा भेजा गया शव

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी और उसे ऊना अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में पोस्टमार्टम के लिए शव को मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

पुलिस ने नशे के खिलाफ जागरूकता की अपील की

थाना प्रभारी ने आम जनता और अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों पर विशेष ध्यान दें और युवाओं को नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रखें। उन्होंने कहा कि यदि किसी को चिट्टा बेचने वालों की जानकारी मिलती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।