ऊना के थानाकलां स्कूल की कबड्डी टीम ने जिला स्तर पर बाजी मारी
HNN/ऊना
ऊना के थानाकलां स्कूल की अंडर-19 लड़कियों की कबड्डी टीम ने जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में अपना लोहा मनवाया है। मंदली स्कूल में आयोजित इस प्रतियोगिता में थानाकलां स्कूल की चार छात्रा खिलाड़ियों ने कबड्डी में शानदार प्रदर्शन के बलबूते राज्य स्तर की टीम में चयन पाया है। चुनी गई खिलाड़ियों में शिवानी ठाकुर, प्रिया ठाकुर, शगुन और दिव्यांशी शामिल हैं।
थानाकलां स्कूल की टीम फाइनल में उपविजेता की ट्रॉफी अपने नाम कर पाई। स्कूल प्रबंधन कमेटी ने विजेता खिलाड़ियों व उनके कोच अशोक धीमान का स्वागत किया। राज्य स्तरीय अंडर-19 लड़कियों की शिमला में होने वाली खेलकूद प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन करने का आह्वान किया है। इस मौके पर स्कूल स्टाफ सदस्यों सहित विजेता खिलाड़ियों के अभिभावकों सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।
इस उपलब्धि से क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है। स्कूल के शिक्षकों और प्रबंधन ने खिलाड़ियों की सफलता पर गर्व व्यक्त किया है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में थानाकलां स्कूल की टीम की सफलता की उम्मीदें बढ़ गई हैं।