ऊना के ब्रह्मोटी मंदिर घाट पर रिमोट संचालित लाइफबॉय उपकरणों का रेस्क्यू प्रदर्शन
Himachalnow / ऊना / वीरेंद्र बन्याल
जल आपदाओं से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने किया लाइव डेमोंस्ट्रेशन
रिमोट संचालित लाइफबॉय उपकरणों का सफल प्रदर्शन
जिला आपदा प्रबंधन एवं प्राधिकरण ऊना द्वारा खोज एवं बचाव के लिए खरीदे गए दो रिमोट संचालित लाइफबॉय उपकरणों का रेस्क्यू प्रदर्शन शुक्रवार को ऊना के ब्रह्मोटी मंदिर घाट पर गोविंद सागर जलाशय में किया गया। यह प्रदर्शन अभियान होमगार्ड की 12वीं बटालियन ऊना के कमांडेंट मेजर (सेवानिवृत्त) विकास सकलानी के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
रेस्क्यू अभियान में विभिन्न विभागों की भागीदारी
इस प्रदर्शन में होमगार्ड, अग्निशमन विभाग और यांत्रिक शाखा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। कमांडेंट विकास सकलानी ने बताया कि रिमोट संचालित लाइफबॉय उपकरण जिले में किसी भी जल संबंधित आपातकालीन स्थिति में भोजन, दवाइयाँ और संचार सुविधा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
बचाव उपकरणों का प्रशिक्षण और संचालन
इस दौरान सभी कंपनी कमांडरों, बीटीसी प्रभारी और फायर स्टेशन प्रभारियों को इन उपकरणों के संचालन, असेंबली और हैंड-हैंडलिंग की विस्तृत जानकारी दी गई। यह प्रशिक्षण इसलिए दिया गया ताकि जल में डूबने जैसी आपात स्थितियों में बचाव कार्य तेजी से किया जा सके।
आपदा प्रबंधन की प्रतिक्रिया क्षमता होगी मजबूत
इस अवसर पर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से धीरज कुमार व राजन कुमार भी उपस्थित रहे। उन्होंने यह उपकरण संबंधित आपदा प्रतिक्रिया एजेंसियों को सौंपे। उन्होंने कहा कि इन उपकरणों को खरीदने का मुख्य उद्देश्य जिले की प्रतिक्रिया क्षमता को सशक्त बनाना और भविष्य में किसी भी आपदा का मजबूती से सामना करना है।