Loading...

एक युवक ने पटवार वृत में चौकीदार के साथ की मारपीट और….

PARUL • 16 Sep 2023 • 1 Min Read

HNN/ऊना

जिला ऊना में पुलिस थाना मैहतपुर में एक चौकीदार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। चौकीदार ने नगर परिषद बसदेहड़ा के ही एक युवक पर मारपीट करने और राजस्व रिकॉर्ड फैंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने चौकीदार द्वारा की गई शिकायत के आधार पर युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी।

पीड़ित चौकीदार की पहचान भाग सिंह निवासी मैहतपुर बसदेहड़ा के रूप में हुई है। तो वहीं आरोपी की पहचान अरूण कुमार निवासी वार्ड नंबर 9 नगर परिषद मैहतपुर बसदेहड़ा के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, अरूण कुमार बीते कल दोपहर में पटवारी कार्यालय में आया और रिकॉर्ड मांगने लगा। जिसके बाद चौकीदार भाग सिंह ने पटवारी के इलाके से बाहर होने की बात कही और रिकॉर्ड देने से मना दिया।

लेकिन अरुण ने चौकीदार की बात नहीं सुनी और उससे गाली गलौच करते हुए मारपीट करने लगा। इतना नहीं मारपीट के दौरान अरुण ने चौकीदार भाग सिंह के कपड़े तक फाड़ दिए और टेबल पर रखे राजस्व रिकॉर्ड को नीचे फेंक दिया। जिसके बाद पीड़ित चौकीदार ने अरुण के खिलाफ मैहतपुर पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराई।

संजीव भाटिया एएसपी ऊना द्वारा मामले की पुष्टि की गई। उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।