एक सप्ताह के भीतर शुरू होगी नाहन वृंदावन बस सेवा
टाइम शेड्यूल लेने एचआरटीसी इंस्पेक्टर हुए सराय काले खान और यहां रवाना…..
HNN/नाहन
हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम डिपो नाहन जल्द ही भगवान श्री कृष्ण नगरी वृंदावन के लिए बस सेवा शुरू करने जा रहा है। हालांकि यह प्रयास काफी समय से चल रहा था मगर अब इस रूट को लगभग अंतिम रूप दिया जा चुका है। बड़ी बात तो यह है कि नाहन से वृंदावन के लिए दो बसें भी डिपो में आ चुकी हैं।
यही नहीं टाइम शेड्यूल की परमिशन के लिए एचआरटीसी के इंस्पेक्टर दिल्ली के सराय काले खान और वृंदावन के लिए रवाना हो चुके हैं। अब इन दोनों प्रमुख स्टेशनों से एचआरटीसी को क्या समय मिलता है उसके अनुसार बस का समय निर्धारण कर रूट को चला दिया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिवहन निगम के द्वारा आरटीओ के पास परमिट अप्लाई किए जाने को लेकर भी तमाम औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। माना यह जा रहा है कि एक सप्ताह के अंदर-अंदर नाहन से वृंदावन के लिए बस सेवा शुरू कर दी जाएगी। बता दें कि इस बस का रूट नाहन से दिल्ली वाला ही होगा। कहा जा सकता है कि दिल्ली रूट को ही सराय काले खान से वृंदावन के लिए एक्सटेंड किया जाएगा।
उधर, नाहन से वृंदावन के लिए बस सेवा की सुविधा के लिए वरिष्ठ भाजपा नेता रामकिशन शर्मा, पार्षद अशोक विक्रम, कांग्रेस नेता जयदीप शर्मा, राकेश पुंडीर, धर्मी देवी, रचना गुप्ता आदि के द्वारा किस प्रशासनीय पहल बताया गया है। लोगों का कहना है कि इस रूट की बस सेवा से भगवान कृष्ण जी के दर्शन करने आसान हो जाएंगे।
उधर, उप मंडलीय प्रबंधक हिमाचल प्रदेश पद परिवहन निगम संजीव बिष्ट ने खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि बस कुछ औपचारिकताएं पूरी होते ही यह बस सेवा शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि टाइम टेबल को लेकर हमने इंस्पेक्टर को सराय काले खान और वृंदावन भेजा है।