Jobs / चम्बा में क्रेच कार्यकर्ता और सहायिकाओं के 5 पदों पर भर्ती, 9 अगस्त तक करें आवेदन
Jobs : चम्बा के बाल विकास परियोजना मैहला के अंतर्गत क्रेच कार्यकर्ता और क्रेच सहायिका के रिक्त पदों के लिए पात्र महिला अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। निर्धारित पात्रता पूरी करने वाली अभ्यर्थी 9 अगस्त तक आवेदन जमा कर सकती हैं तथा 19 अगस्त को साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा।
चम्बा
रिक्त पदों के लिए आवेदन आमंत्रित
बाल विकास परियोजना अधिकारी मैहला अक्षय कुमार ने बताया कि बाल विकास परियोजना मैहला के अंतर्गत विभिन्न आंगनबाड़ी एवं क्रेच केंद्रों में 2 क्रेच कार्यकर्ता तथा 3 क्रेच सहायिकाओं के रिक्त पदों को भरने के लिए पात्र महिला अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। क्रेच कार्यकर्ता के पद आंगनबाड़ी एवं क्रेच केंद्र ककियां (पंचायत उटीप) तथा कुणबग (पंचायत घलून) में भरे जाएंगे। वहीं, क्रेच सहायिका के पद ककियां (उटीप), कुणबग (घलून) और मनिक्यार (लुड्डू) केंद्रों के लिए निर्धारित किए गए हैं।
पात्रता और शैक्षणिक योग्यता
आवेदन करने वाली महिला अभ्यर्थी संबंधित आंगनबाड़ी एवं क्रेच केंद्र के फीडर क्षेत्र की सामान्य निवासी होनी चाहिए। अभ्यर्थी की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। क्रेच कार्यकर्ता पद के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं उत्तीर्ण तथा क्रेच सहायिका पद के लिए 10वीं उत्तीर्ण निर्धारित है। इसके अलावा परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए, जिसका प्रमाण पत्र तहसीलदार, नायब तहसीलदार या कार्यकारी मजिस्ट्रेट द्वारा जारी होना आवश्यक है।
आवेदन और साक्षात्कार की तिथि
इच्छुक महिला अभ्यर्थी आवश्यक दस्तावेजों सहित अपने आवेदन 9 अगस्त तक बाल विकास परियोजना अधिकारी, मैहला जिला चम्बा के कार्यालय में जमा कर सकती हैं। पात्र अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 19 अगस्त को प्रातः 10 बजे उपमंडलाधिकारी (ना.) कार्यालय में आयोजित किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया से संबंधित अतिरिक्त जानकारी के लिए अभ्यर्थी बाल विकास परियोजना अधिकारी, मैहला जिला चम्बा के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।