Loading...

एक सप्ताह से लापता चल रहे युवक का जंगल से बरामद हुआ शव

SAPNA THAKUR • 27 Nov 2022 • 1 Min Read

HNN/ सोलन

जिला में एक युवक का शव बरामद हुआ है जोकि एक सप्ताह से लापता था। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। हालांकि, अभी तक मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है जिसके बाद ही मौत के कारणों से पर्दा उठेगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहर के साथ लगती डांगरी पंचायत निवासी महेंद्र पुत्र राजेंद्र अचानक ही घर से कहीं लापता हो गया। परिजनों ने हर जगह बेटे को ढूंढने का प्रयास किया परंतु जब उसका कहीं कोई सुराग नहीं लगा तो परिजन थक हार कर पुलिस चौकी सपरून पहुंचे और 21 नवंबर को गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई।

परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने युवक की गुमशुदगी का मामला दर्ज किया और उसकी तलाश करनी शुरू कर दी। बावजूद इसके युवक का कहीं कोई सुराग नहीं लग पा रहा था। इसी बीच किसी ने पंचायत के साथ लगते पट्टाघाट जंगल में एक शव पड़ा हुआ देखा जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और युवक की शिनाख्त करवाई गई तो यह शव महेंद्र का निकला। थाना प्रभारी सोलन प्रियंका चौहान ने खबर की पुष्टि की है।