Loading...

एक हफ्ते के भीतर चार लोग हुए ऑनलाइन ठगी का शिकार, गंवाए लाखों रुपए

PARUL • 2 Oct 2023 • 1 Min Read

HNN/हमीरपुर

जिला हमीरपुर के नादौन उपमंडल में आने वाले गलोड़ इलाके में एक ही हफ्ते में चार लोग ऑनलाइन ठगी का शिकार हुए हैं। लोगों के साथ हुई इस ठगी में उन्होंने चार लाख रुपए गंवा दिए हैं। ठगी का एहसास होते ही लोगों ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। जिसके बाद पुलिस ने ठगी के सभी मामलों को साइबर क्राइम शाखा को कार्यवाही के लिए भेज दिए हैं।

पहला मामला गलोड़ की ग्राम पंचायत कश्मीर का है। जहां एक पूर्व सैनिक से शातिरों ने फोन पर कहा कि उनका बैंक खाता बंद हो गया है और उसे खोलने के लिए आपको पासवर्ड भेजा जा रहा है। आप उसे बता दें। उनके कहने पर पूर्व सैनिक ने उन्हें पासवर्ड बता दिया। जिसके बाद उनसे 40,000 रुपए की ठगी की गई।

वहीं दूसरे मामले में लहड़ा गांव के एक व्यक्ति को ठगों ने झांसे में लेकर उसके खाते से 2,00,000 रुपए ट्रांसफर करवा लिए। तीसरा मामला लांजियाना का है जहां शातिरों ने एक बुजुर्ग से एक लाख रुपए की ठगी की है। जबकि चौथे मामले में वंडौस की एक लड़की से ठगी की गई है। इस लड़की से शातिरों ने लगभग 50,000 रुपए की ठगी की है।

वहीं जिला पुलिस अधिकारी आकृति शर्मा द्वारा मामले की पुष्टि की गई है। उन्होंने बताया कि कोई भी बैंक आपसे फोन पर आपके बैंक से संबंधित जानकारियां नहीं मांगता है। अनजान फोन कॉल पर लोग किसी भी व्यक्ति को अपनी निजी जानकारियां साझा न करें। ऑनलाइन ठगी के ऐसे कई मामले सामने आ रहे हैं। पुलिस और साइबर ब्रांच इन मामलों की छानबीन कर रही है।