Loading...

एचआरटीसी की वोल्वो बस में 9 यात्रियों को टिकट नहीं देने पर कंडक्टर निलंबित

Ankita • 22 Jun 2023 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

हिमाचल पथ परिवहन निगम की वोल्वो बस में 9 यात्री बिना टिकट के पकड़े जाने पर निगम प्रबंधन ने परिचालक को निलंबित कर दिया है। एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार ने बताया कि बुधवार सुबह 12:37 बजे निगम की वोल्वो बस संख्या एचपी 63-2848 डलहौज़ी-दिल्ली रूट पर जा रही थी, परिचालक बस में कुल 42 यात्रियों में से 9 को बिना टिकट यात्रा करवाते पकड़ा गया।

बस परिचालक ने बस में नौ यात्रियों की टिकट ही नहीं बनाई थी। इसमें से राजा का तालाब से दिल्ली एसीसी का टिकट 2538 रुपए, दो यात्रियों का तलवाड़ा से पिपली का 1510 रुपए, एक पैसेंजर बनीखेत से मुरथल तक 1427 रुपए, दो पैसेंजर बिना टिकट पठानकोट से चंडीगढ़ 1494 रुपए, एक सवारी बिना टिकट रेहान से मुरथल 1149 रुपए व एक यात्री बिना टिकट ऊना से चंडीगढ़ टिकट 349 रुपए कुल राशि 8467 रुपए का गबन पाया गया है।

बस का निरीक्षण निगम मुख्य कार्यालय के उड़नदस्ते ने किया। बस में चालक दीपक और परिचालक रोहित गुलेरिया थे। परिचालक रोहित गुलेरिया को इस गंभीर मामले में संलिप्त पाए जाने पर आईएसबीटी दिल्ली पहुंचने के बाद ड्यूटी से उतार दिया गया और उनके स्थान पर अन्य परिचालक को बस सेवा के साथ तैनाती दी गई। मंडलीय कर्मशाला तारादेवी के प्रबंधक तकनीकी को परिचालक रोहित गुलेरिया को निलंबित कर आरोप पत्र दाखिल करने के आदेश दिए गए हैं।