एचआरटीसी की 15 साल पुरानी 112 बसें 1 अप्रैल से रूटों पर नहीं होंगी संचालित
HNN/ शिमला
हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की 15 साल पुरानी 112 बसें 1 अप्रैल से हिमाचल के रूटों पर नहीं चलेंगी। सड़क, परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की ओर से 15 साल पुराने सरकारी वाहनों का संचालन न करने के आदेशों के चलते 112 बसों का संचालन रोक दिया जाएगा।
एचआरटीसी के बेड़े में इस समय करीब 3,200 बसें हैं। एचआरटीसी ने टाटा की 150 नई बसों की खरीद की है। एचआरटीसी ने 25 बसें 28 सीटर खरीदी हैं जबकि 125 बसें 47 सीटर खरीदी गई हैं। सभी 28 सीटर बसें हिमाचल पहुंच चुकी हैं। 47 सीटर बसें भी पहुंचना शुरू हो गई हैं।
एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार ने बताया कि पुरानी बसें हटने के बाद नई बसें निगम के बेड़े में शामिल हो जाएंगी, जिसके चलते बसों की किल्लत पेश नहीं आएगी।
