एचआरटीसी चालक यूनियन ने हड़ताल टाली, अब रुटीन में चलेगी रात्रि बस सेवाएं
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश में अब रात्रि बस सेवाएं सामान्य रूप से चलेगी। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की ओर से ड्राइवर-कंडक्टर यूनियन को बैठक के लिए समय दिया गया है इसके बाद यूनियन ने हड़ताल टाल दी है।
18 मई को सुबह 11:30 बजे सचिवालय में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार चालक यूनियन के पदाधिकारियों से बैठक करेंगे। इसमें रात्रि भत्ते को लेकर बात होगी।
एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार ने कहा कि कुछ सप्ताह पहले ही निगम के कर्मचारियों को दो महीने का ओवरटाइम जारी किया गया है।
इसी महीने के अंत तक एक महीने का ओवरटाइम देने का आश्वासन दिया है। प्रदेश में लगभग 3600 के करीब ड्राइवर है, जिनका रात्रि भत्ता लगभग 65 करोड़ बनता है।
अभी तक ये भत्ता इन्हें नहीं दिया गया है, जिसके चलते ड्राइवर कंडक्टर यूनियन ने आज रात से बसें ना चलाने का ऐलान किया था।