एचआरटीसी ड्राइवर-कंडक्टरों ने वेतन ना मिलने पर सरकार को काम बंद करने की दी धमकी
HNN/ शिमला
हिमाचल पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों को तनख्वाह के लाले पड़ गए हैं। पहली तारीख को मिलने वाला वेतन अब तक कर्मचारियों को नहीं मिल पाया है। ऐसे में कर्मचारियों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। रोजाना कर्मचारी वेतन का इंतजार कर रहे हैं तथा यह इंतजार अब और लंबा हो जाएगा।
यूनियन ने सरकार को चेतावनी दी है कि अगले महीने की पहली तारीख को अगर वेतन नहीं मिला तो ड्राइवर- कंडक्टर काम बंद कर देंगे। यूनियन का कहना है किएचआरटीसी के वित्तीय घाटे के लिए ड्राइवर- कंडक्टर नहीं बल्कि प्रबंधन जिम्मेदार है। एचआरटीसी ड्राइवर यूनियन के राज्य अध्यक्ष मान सिंह ठाकुर ने शिमला में बताया कि वेतन मिलने में लेटलतीफी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम में प्रदेश भर में लगभग साढ़े पांच हजार कर्मचारी हैं, जो कि अपनी नियमित सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। यदि बात चालक-परिचालकों की करें, तो यह दिन-रात सेवाएं देने में जुटे हुए हैं। निगम में तैनात कर्मियों को हर महीने की पहली तारीख को सैलरी मिलती है। इस बार भी कर्मचारी पहली अप्रैल को ही वेतन मिलने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन कर्मचारी अप्रैल फूल बन गए तथा अभी तक वेतन का इंतजार कर रहे हैं।
