Loading...

एचआरटीसी बस कंडक्टर ने मशीन से छेड़छाड़ कर सवारियों को थमा दिए फर्जी टिकट

By Ankita Published: 27 Dec 2023, 2:24 PM | Updated: 27 Dec 2023, 2:24 PM 1 min read

HNN/ सोलन

हिमाचल पथ परिवहन निगम बस के परिचालक का एक बड़ा कारनामा देखने को मिला है। यहां परिचालक ने बस में मशीन से छेड़छाड़ कर यात्रियों को फर्जी टिकट थमा दिए। फ्लाइंग स्क्वायड निगम टीम की जाँच के दौरान यह खुलासा हुआ है।

हालाँकि अभी तक परिचालक के इस कारनामे को लेकर उसे निलंबित नहीं किया गया है परन्तु इस बाबत उच्चाधिकारियों को सूचित कर दिया गया। वहीं आरोपी के खिलाफ आगामी कार्यवाही अमल में लाएंगे।

जानकारी के मुताबिक, हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस अंबाला से बद्दी आ रही थी। बस में परिचालक ने टिकट मशीन से छेड़छाड़ कर सवारियों को 4,500 रुपए के फर्जी टिकट थमा दिए। इस दौरान पिंजौर पहुंचते ही फ्लाइंग स्क्वायड निगम की जांच टीम ने बस को चैकिंग के लिए रुकवाया।

जाँच के दौरान सवारियों के पास करीब 4,500 रुपये के फर्जी टिकट मिले। बता दें परिचालक टिकट मशीन में इस तरह एंटर का बटन दबाता कि पर्ची कोरी ही निकलती। परिचालक ने सवारियों को मशीन खराब होने का हवाला दिया था।

हिमाचल पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक सोलन डिपो सुरेंद्र राजपूत ने बताया कि परिचालक के खिलाफ रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दी है। आगामी कार्यवाही वहीं करेंगे।

Tags: