Loading...

एचआरटीसी यात्रियों के लिए सफर अब और भी आसान, क्यूआर कोड स्कैन कर दे सकेंगे किराया

Ankita • 17 Mar 2023 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में सफर करने वाले यात्रिओं के लिए सफर अब और भी आसान हो गया है। बता दें एचआरटीसी यात्रि अब बस में क्यूआर कोड स्कैन कर किराया दे सकेंगे। जिसके लिए सरकार ने 4,500 एंड्रॉयड टिकटिंग मशीनें खरीदने की तयारी भी कर ली है। इससे क्यूआर कोड स्कैन कर डिजिटल भुगतान तो होगा ही, साथ ही टिकट भी बनेंगी। यात्री यूपीआई के अलावा गूगल पे, पेटीएम, फोन पे या भीम एप से किराये का भुगतान कर सकेंगे।

निगम की 3,300 बसें रोजाना 3,800 रूटों पर संचालित होती हैं और करीब दो करोड़ कमाई करती हैं। मौजूदा समय में कंडक्टर रूट से लौटने के बाद कैश काउंटर पर पैसा जमा करते हैं और इसके बाद पैसा बैंक में जमा होता है। अब टिकट जारी होते ही पैसा सीधे निगम के बैंक खाते में जमा हो जाएगा। निगम की बसों में सफर करने वाले यात्रियों की मानीटरिंग भी सीधे मुख्यालय से हो सकेगी।

क्यूआर कोड से ऑनलाइन किराया चुकाने के बाद एंड्रॉयड मशीन से टिकट जारी होगा। एचआरटीसी के खाते में पैसा आते ही मशीन टिकट बनाकर देगी। यात्री के बैंक खाते से पैसा सीधे एचआरटीसी के खाते में जमा होगा। इससे खुले पैसे की समस्या भी हल हो जाएगी। नई एंड्रॉयड टिकटिंग मशीन में किराये के भुगतान के तीन विकल्प मौजूद होंगे।

यात्री क्यूआर कोड स्कैनिंग, एटीएम कार्ड स्वैपिंग या नकदी देकर किराये का भुगतान कर सकेंगे। निगम की वोल्वो, विद्युत चालित, एसी, नॉन एसी, सुपर फास्ट और साधारण सभी श्रेणी की बसों में यह सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।