सड़क सुरक्षा अभियान में विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक
उप मंडल बंगाणा के विद्यार्थियों को यातायात नियमों, सुरक्षित वाहन चलाने तथा सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय बंगाणा में सड़क सुरक्षा क्लब द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान की अध्यक्षता सड़क सुरक्षा क्लब की नोडल अधिकारी डॉ. किरण ठाकुर ने की। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. रेखा शर्मा ने भी कार्यक्रम में विशेष रूप से शिरकत करते हुए विद्यार्थियों को यातायात नियमों का जिम्मेदारीपूर्वक पालन करने के लिए प्रेरित किया।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
अभियान के दौरान विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर जागरूकता पैम्फलेट तथा सड़क सुरक्षा जागरूकता बुकलेट वितरित कर विद्यार्थियों को सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने के प्रति जागरूक किया गया।
प्राचार्या प्रो० रेखा शर्मा ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। थोड़ी सी सावधानी और यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार व्यवहार से अनेक सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
सड़क सुरक्षा क्लब की नोडल अधिकारी डॉ. किरण ठाकुर ने कहा कि युवाओं में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने विद्यार्थियों से वाहन चलाते समय संयम और सावधानी बरतने तथा दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने का आग्रह किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी प्रो० सिकंदर नेगी, एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ० विनोद कुमार, नशा विरोधी अभियान के नोडल अधिकारी डॉ० कुलदीप सिंह, प्रो० संजय शर्मा, एनएसएस कप्तान अंकुश शर्मा, कप्तान तनवी, उप-कप्तान वरुण, शगुन बाला सहित अन्य विद्यार्थी एवं महाविद्यालय के सदस्य उपस्थित रहे।
सड़क सुरक्षा क्लब द्वारा आयोजित इस अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना विकसित करने के साथ-साथ सुरक्षित यातायात व्यवहार को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।