एचएएस टॉपर रहे अनमोल ने यूपीएससी परीक्षा में 438वां रैंक किया हासिल
शिमला के टुटू में बीडीओ के पद पर तैनात हैं 30 वर्षीय अनमोल
HNN/ शिमला
एचएएस टॉपर रहे 30 वर्षीय अनमोल ने यूपीएससी परीक्षा में 438वां रैंक हासिल किया है। मंडी जिला के सरकाघाट उपमंडल की पौंटा पंचायत के चुक्कू टांडा के रहने वाले अनमोल मौजूदा समय में शिमला के टुटू में बीडीओ के पद पर तैनात हैं। हाल ही में उन्होंने हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित की गई परीक्षा में प्रदेशभर में टॉप किया था।
इस उपलब्धि पर उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने अनमोल को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। अनमोल ने डीसी से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। उपायुक्त ने अनमोल को एक बेहतर प्रशासनिक अधिकारी की तरह कार्य करते हुए लोगों की सेवा करने के लिए कहा।
अनमोल ने बताया कि उपायुक्त अनुपम कश्यप उनके प्रेरणास्त्रोत हैं और अनमोल के पिता सेवानिवृत एचएएस अधिकारी कृष्ण चंद ने भी अनुपम कश्यप के साथ कार्य किया है। उन्होंने बताया कि उनकी माता ऊषा देवी बल्द्वाड़ा जिला परिषद वार्ड से जिला परिषद सदस्य हैं। अनमोल का एक छोटा भाई भी है, जो प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा है।
अनमोल ने बताया कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा केंद्रीय विद्यालय में हुई। इसके बाद एनआईटी हमीरपुर से सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और एमटैक आईआईटी दिल्ली से की। अनमोल ने बताया कि वह अपने पिता को देखकर ही प्रशासनिक सेवा में आना चाहते थे और उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता को दिया।