नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं मूल्यनिष्ठ जीवन अपनाने का विद्यार्थियों ने लिया संदेश
ब्रह्माकुमारीज संस्था द्वारा देशभर में चलाए जा रहे 10 करोड़ लोगों को नशा मुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाने के अभियान के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सिंगा में नशा मुक्ति एवं राजयोग जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें स्वस्थ, सकारात्मक एवं संस्कारयुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल/हिमाचल नाऊ न्यूज।
कार्यक्रम के दौरान बीके अवधेश ने विद्यार्थियों एवं स्कूल स्टाफ को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित करने के साथ-साथ पूरे परिवार एवं समाज पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से सदैव दूर रहने तथा जीवन में सकारात्मक सोच, अनुशासन और अच्छे संस्कारों को अपनाने का आह्वान किया।
बीके बबीता ने विद्यार्थियों को राजयोग जीवनशैली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित ध्यान एवं राजयोग के माध्यम से मन को शांत, एकाग्र और सकारात्मक बनाया जा सकता है। इस दौरान विद्यार्थियों को ध्यान का अभ्यास भी करवाया गया, जिसमें विद्यार्थियों एवं स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश कुमार ने ब्रह्माकुमारीज संस्था का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों को नशे के साथ-साथ मोबाइल फोन के अत्यधिक एवं अनावश्यक उपयोग से भी सावधान रहने की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से मोबाइल के दुष्प्रभावों से बचते हुए अध्ययन, खेलकूद, योग, ध्यान तथा रचनात्मक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
इस अवसर पर बीके सोमनाथ, बीके ज्योति सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को नशामुक्त, स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवन जीने का प्रेरणादायी संदेश दिया गया।