गो सेवा आयोग सदस्य अरुण पटियाल ने दमोहड़ गोशाला का किया निरीक्षण
गो सेवा आयोग के सदस्य अरुण पटियाल ने दमोहड़ स्थित गोशाला का दौरा कर वहां गोवंश के लिए उपलब्ध करवाई जा रही विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गोशाला में चारे-पानी, साफ-सफाई, रखरखाव तथा गोवंश के स्वास्थ्य से संबंधित व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
अरुण पटियाल ने गोशाला समिति के पदाधिकारियों से गोवंश की संख्या, उनके लिए उपलब्ध चारे-पानी तथा नियमित स्वास्थ्य देखभाल के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने गोवंश की बेहतर देखभाल और गोशाला की व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा कि गोवंश की सेवा और संरक्षण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है तथा गोशालाओं में रहने वाले पशुओं को पर्याप्त चारा, स्वच्छ पानी, साफ-सुथरा वातावरण और समय-समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलना बेहद जरूरी है।
इस अवसर पर पशु उपमंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश जंगा ने गोवंश के स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी साझा करते हुए पशुओं के उपचार एवं स्वास्थ्य देखभाल की जा रही व्यवस्थाओं से अवगत करवाया। वहीं, गोशाला समिति के अध्यक्ष सूरम सिंह ने गोशाला में चल रही विभिन्न गतिविधियों, व्यवस्थाओं और गोवंश की देखभाल के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी।
इस मौके पर रामलोक शर्मा, गोपालक कुलदीप कुमार सहित गोशाला समिति के अन्य सदस्य एवं संबंधित लोग मौजूद रहे।