एचपीयू ने जारी किया बीएड में प्रवेश के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग का शेड्यूल
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा बीएड में प्रवेश के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। बता दें बीएड ऑनलाइन काउंसलिंग 12 अगस्त से 17 सितंबर तक आयोजित होगी। काउंसलिंग शेड्यूल की अधिसूचना जारी कर इसे वेबसाइट पर अपलोड किया गया है।
शैक्षणिक सत्र 2024-2026 के लिए विश्वविद्यालय का शिक्षा विभाग विवि से संबंधित सरकारी और निजी बीएड कॉलेजों में काउंसलिंग प्रक्रिया के आधार पर बीएड काउंसलिंग और प्रवेश कमेटी बीएड सीट का आवंटन करेगा।
ऑनलाइन काउंसलिंग के तहत शिक्षा विभाग, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, राजकीय शिक्षा महाविद्यालय, धर्मशाला और निजी शिक्षा महाविद्यालय जो हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से संबंधित हैं, उनमें बीएड प्रवेश के लिए सीटें भरी जाएंगी।
यह है शेड्यूल…..
शेड्यूल के अनुसार 12 अगस्त को बी एड प्रवेश प्रक्रिया में शामिल कॉलेजों की सूची जारी होगी। 13 से 16 अगस्त तक पहले राउंड के लिए विद्यार्थियों को अपनी पसंद के अनुसार कॉलेजों की पसंद https://nadmissions.hpushimla. के जरिये पूछी जाएगी। 20 अगस्त को कॉलेज सीट आवंटन पत्र ऑनलाइन जारी होंगे। छात्रों को 21 से 22 अगस्त तक आवंटित कॉलेज में प्रमाणपत्र वेरिफिकेशन, फीस जमा करवानी होगी।
23 अगस्त को दूसरे राउंड की काउंसलिंग के लिए विवि की वेबसाइट पर खाली सीटों का ब्योरा जारी होगा। 24 से 25 अगस्त तक छात्र दूसरे राउंड को कॉलेज च्वाइस भरेंगे, 28 अगस्त को खेल और सांस्कृतिक कोटा की सीट के लिए काउंसलिंग होगी, 30 अगस्त को ऑनलाइन सीट आवंटन पत्र जारी होंगे। 31 अगस्त और एक सितंबर को दस्तावेज वेरिफिकेशन और फीस जमा करवाने के लिए समय दिया जाएगा।