रपोह मिसरां स्कूल में सात दिवसीय एनएसएस शिविर शुरू, 40 स्वयंसेवी ले रहे भाग
उपमंडल अम्ब के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रपोह मिसरां में शनिवार को सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर का शुभारंभ हुआ। प्रधानाचार्य सुशील गौतम की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में 16 छात्राओं और 24 छात्रों सहित कुल 40 स्वयंसेवी भाग ले रहे हैं। यह शिविर 3 से 9 अक्तूबर तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें विद्यार्थियों को अनुशासन और सामाजिक सेवा के प्रति प्रेरित किया जाएगा।
ऊना/अम्ब/वीरेंद्र बन्याल
शिविर के उद्घाटन कार्यक्रम में समाजसेवी जगदीश चंद संधू ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने स्वयंसेवियों से अनुशासन को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने और सामाजिक सेवा के कार्यों में सक्रियता से भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में सेवा, सहयोग, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। इसके जरिए विद्यार्थियों को समाज के प्रति अपने दायित्व समझने और जरूरतमंदों की सहायता करने का अवसर मिलता है।
मुख्य अतिथि ने स्वयंसेवियों से शिविर के दौरान होने वाली विभिन्न गतिविधियों में उत्साह और समर्पण के साथ भाग लेने को कहा। उन्होंने बताया कि शिविर में सीखी गई सेवा और अनुशासन की भावना विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। विद्यालय के उपप्रधानाचार्य ने भी स्वयंसेवियों को एनएसएस शिविर के महत्व से अवगत करवाया और उन्हें समाजहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
एनएसएस प्रभारी मुकेश कुमार शर्मा ने सात दिवसीय शिविर के दौरान आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों और गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने स्वयंसेवियों से अनुशासन बनाए रखने और प्रत्येक गतिविधि में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की। कार्यक्रम में एसएमसी प्रधान विपिन कुमार सहित अंकुश, बलवीर, जगवीर, सुरेंद्र, सुशील, गुलाब, दीपक शर्मा, निर्मला, दीपाली, हेमलती, कांती, उपेंद्र, मुन्ना, कमल और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।