एचपीयू ने स्नातक की डिग्री पूरी करने के लिए विद्यार्थियों को दिया एक और विशेष मौका
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने स्नातक (बीए/बीएससी/बीकॉम व शास्त्री) की डिग्री पूरी करने के लिए विद्यार्थियों को एक और विशेष मौका प्रदान किया है।
पुराने वार्षिक प्रणाली के तहत वर्ष 1990 व इसके बाद के जो विद्यार्थी अंतिम वर्ष की परीक्षा में बैठ नहीं पाए थे या फिर अंतिम वर्ष की परीक्षा उत्तीर्ण नहीं कर पाए थे, वे इस विशेष मौके के तहत परीक्षा में बैठ सकेंगे।
परीक्षाएं वर्ष 2012-13 के पाठ्यक्रम के अनुसार होंगी और विशेष मौके के तहत परीक्षा देने के लिए 10 हजार रुपए फीस निर्धारित की गई। बीते माह में हुई ईसी की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार शुक्रवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई।
इसके तहत विद्यार्थी अब 15 फरवरी तक बिना विलंब शुल्क फार्म जमा करवा सकते हैं। इसके बाद विश्वविद्यालय के नियमों के तहत विलंब शुल्क वसूला जाएगा। परीक्षाएं मार्च व अप्रैल माह में आयोजित होंगी।