एनएच 103 के पास खाई में गिरा सिलेंडर से भरा ट्रक, चालक घायल
HNN/हमीरपुर
जिला हमीरपुर में भोटा क्षेत्र में एनएच 103 टयाले दा घाट के पास से एक हादसा पेश आया है। जहां सिलेंडर से भरा एक ट्रक खाई में गिर गया है। हादसे में ट्रक चालक घायल हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल ट्रक चालक की पहचान अजय कुमार पुत्र अशोक कुमार निवासी दहेला जिला ऊना के तौर पर हुई है।
जानकारी के मुताबिक, लावारिस पशुओं को बचाते समय ट्रक सड़क से करीब 100 फुट गहरी खाई में जा गिरा और चालक ट्रक के अंदर ही फंस गया। गनीमत रही कि ट्रक में जो गैस सिलेंडर रखे थे वह खाली थे, नहीं तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। सुबह जब वहां से गुजरे लोगों ने ट्रक को देखा तो कड़ी मशक्कत के बाद घायल ट्रक चालक को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
जहां डॉक्टर ने बताया कि हादसे में चालक की टांग में फ्रैक्चर हुई है। फ़िलहाल उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद हमीरपुर अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। भोटा पुलिस कक्ष के प्रभारी राजेश द्वारा मामले की पुष्टि की गई है।