एम्स बिलासपुर में इस माह से शुरू होंगी ड्रोन सेवाएं, सभी औपचारिकताएं पूरी….
HNN/ बिलासपुर
एम्स बिलासपुर में ड्रोन सेवाएं शुरू करने के लिए सभी औपचारिकताएं लगभग पूरी की जा चुकी हैं। सितंबर तक प्रदेश के लोगों के लिए सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी। चुनाव संहिता के कारण सेवाएं देने वाली कंपनी से अनुबंध होना बाकी है। आचार संहिता खत्म होने के बाद इस अनुबंध की औपचारिकता को पूरा कर लिया जाएगा।
एम्स प्रबंधन की योजना है कि अगर ड्रोन का ट्रायल पूरे प्रदेश में सफल रहा तो जब सेवाएं शुरू होंगी तो लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा जैसे दुर्गम इलाकों तक ड्रोन से खून पहुंचाया जाएगा और वहां से खून के सैंपल भी लाए जाएंगे। योजना के शुरू होने से प्रदेश के किसी भी दुर्गम क्षेत्र से आपात स्थिति में मरीज का सैंपल उससे पहले ही एम्स पहुंच जाएगा।
वहीं, जब तक एंबुलेंस से मरीज को एम्स पहुंचाया जाएगा, तब तक मरीज के सारे टेस्ट हो चुके होंगे और संबंधित विभाग के विशेषज्ञ मरीज के उपचार के लिए पूरी तरह से तैयार रहेंगे। मरीज के एम्स पहुंचने के चंद सेकेंड में ही उसे उपचार मिलना शुरू हो जाएगा और उसकी जान बच जाएगी। लोकसभा चुनाव के चलते लगी आदर्श आचार संहिता के कारण इस सुविधा के लिए होने वाले अनुबंध में देरी हुई है।