एसआईयू टीम की बड़ी कार्यवाही, 102.879 किलो चूरा पोस्त सहित दो आरोपी गिरफ्तार
HNN/ सोलन
जिला सोलन में पुलिस की एसआईयू टीम ने नशे की खेप के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान केहर सिंह निवासी बनसाईं गोयला पन्नर नालागढ़ व वीर सिंह निवासी खलेर निचली तहसील रामशहर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस की एसआईयू टीम बनसाईं मार्ग पर नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि दो युवक पिकअप गाड़ी में चूरा पोस्त लेकर घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने बनसाईं मार्ग पर एक गाड़ी को जांच के लिए रुकवाया। गाड़ी में दो युवक सवार थे, जो पुलिस को देख कर घबरा गए।
जब पुलिस को दोनों युवकों की गतिविधियों पर संदेह हुआ तो पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान गाड़ी से 102.879 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ। मामले की पुष्टि डीएसपी बद्दी प्रियंक गुप्ता ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।