Loading...

एसआईयू टीम ने बस में सवार तस्कर से पकड़ी 523 ग्राम चरस

SAPNA THAKUR • 21 Dec 2022 • 1 Min Read

HNN/ चंबा

जिला में एक बार फिर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। पुलिस की टीम ने अब नाकाबंदी के दौरान बस में सवार एक तस्कर से चरस की बड़ी खेप पकड़ी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंबा पुलिस की एसआईयू टीम ने चंबा-जोत मार्ग के ओबड़ी चौक पर बुधवार को नाकाबंदी की हुई थी।

इस दौरान टीम आने-जाने वाले हर वाहनों की गहनता से जांच पड़ताल कर रही थी। इसी बीच होली से कांगड़ा-पालमपुर को जा रही एक निजी बस को जांच के लिए रुकवाया गया। पुलिस जैसे ही बस में चढ़कर जांच करने लगी तो उनकी नजर अंदर बैठे एक युवक पर पड़ी। जब संदेह के आधार पर उसके बैग की तलाशी ली गई तो 523 ग्राम चरस बरामद हुई।

लिहाज़ा विक्की निवासी भलुई डाकघर लेसुई तहसील चुराह के खिलाफ पुलिस ने पुलिस थाना चंबा में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले की पुष्टि एसपी चंबा अभिषेक यादव ने की है।