Loading...

राजगढ़ में किराये के कमरे में दंपति के शव मिले, दो बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया

Shailesh Saini • 1 Hour Ago • 1 Min Read

मयोग गांव की घटना से क्षेत्र में शोक, पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच

हिमाचल नाऊ न्यूज राजगढ़

सिरमौर जिले के राजगढ़ उपमंडल में सोमवार को एक दंपति की मौत का मामला सामने आने से क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्राम पंचायत कोठिया जाजर के मयोग गांव में किराये के कमरे में रह रहे पति-पत्नी मृत पाए गए। घटना के बाद दंपति के दो बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया है।

मृतकों की पहचान 28 वर्षीय अजय उर्फ परमील पुत्र स्वर्गीय भाग सिंह निवासी गांव कोटला मांगन, डाकघर काथली भरण तथा 33 वर्षीय ममता पुत्री स्वर्गीय जगमोहन सिंह निवासी गांव बाग धमनिया, डाकघर डिंबर, तहसील राजगढ़ के रूप में हुई है। दोनों राजगढ़ क्षेत्र के निवासी थे और मयोग गांव में किराये के कमरे में रह रहे थे।

जानकारी के अनुसार, घटना का पता चलने पर बच्चों ने आपातकालीन नंबर 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही राजगढ़ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।

ग्राम पंचायत कोठिया जाजर की प्रधान ममता कुमारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दंपति मयोग गांव में किराये के कमरे में रह रहा था। उन्होंने बताया कि दंपति के दो बेटे हैं।

दंपति की मौत के पीछे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है और मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।मामले की पुष्टि करते हुए राजगढ़ के डीएसपी वीसी नेगी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।