एसएसबी सपड़ी के जवान ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या
HNN/कांगड़ा
जिला कांगड़ा में ज्वालामुखी क्षेत्र के अंतर्गत एसएसबी सपड़ी के मुख्य गेट पर ड्यूटी पर तैनात जवान आरक्षी धनजीत दास (33) ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली।
जिसके बाद मौके पर मौजूद अन्य जवान घायल धनजीत दास को प्राथमिक उपचार के लिए सिविल अस्पताल ज्वालामुखी ले गए, जहां से डाॅक्टरों द्वारा उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डाॅ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा रैफर कर दिया गया।
लेकिन टांडा पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और अन्य जवानों व अधिकारियों के बयान दर्ज किए। मामले की पुष्टि डीएसपी विकास धीमान ने की है। उन्होंने बताया कि मृतक धनजीत दास असम राज्य का रहने वाला था जोकि बीते 2 नवम्बर को शादी करके ड्यूटी पर लौटा था।
उन्होंने बताया कि जवान द्वारा खुद को गोली मारने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस द्वारा सीआरपीसी की धारा 174 के तहत आगामी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।