Loading...

ऑनलाइन पैसे कमाने के लालच में गंवाए लाखों रुपए

PARUL • 1 Oct 2023 • 1 Min Read

HNN/धर्मशाला

जिला कांगड़ा के धर्मशाला में ऑनलाइन पैसे कमाने के लालच में एक महिला साढ़े छह लाख रुपए गंवा बैठी है। जब महिला को इस बात का पता लगा उसने तुरंत ही साइबर थाना नार्थन रेंज धर्मशाला में शातिर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में महिला ने बताया कि ठगने वाले शातिरों ने उसे टेलीग्राम आधारित ऑनलाइन यूट्यूब चैनल सब्सक्रिप्शन का टास्क दिया था।

जिसके लिए शातिरों ने महिला से एक फार्म भरवाया, जिसमें महिला का पता और बैंक डिटेल सहित पिन नंबर तक भरने को कहा गया था। जिसके बाद शातिरों ने उसे कहा गया कि और पैसा लगाने पर ही पैसे मिलेंगे। उनके कहने पर महिला ने पहले महिला ने 10 हजार रुपए लगाए जिसके बदले में उसे 15 हजार रुपए वापिस मिले। इस पर महिला ने दो ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुछ राशि जमा करवाई।

महिला का कहना है कि उसने मात्र दो ही ट्रांजेक्शन खुद की हैं, जबकि अन्य चार ट्रांजेक्शन कैसे हुईं, इसका उसे पता ही नहीं है। जिसके बाद शिकायत के आधार पर साइबर थाना में ठगी करने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और आगामी कार्यवाही शुरू की गई।

मामले की पुष्टि एएसपी साइबर क्राइम प्रवीन धीमान द्वारा की गई है। उन्होंने बताया कि शातिरों ने महिला से यह राशि छह विभिन्न ट्रांजेक्शनों के माध्यम से की है। साथ ही उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में शातिर लोगों को ठगने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। ऐसे में लोगों को इन शातिरों के झांसे में आने से बचना चाहिए।