कांगड़ा में सड़क किनारे खड़ी बलेनो कार को लगाई आग, पुलिस ने शुरू की जांच
कांगड़ा जिले के लंबागांव क्षेत्र की पपलाह पंचायत के बसूं गांव में सड़क किनारे खड़ी बलेनो कार को बुधवार रात आग लगा दी गई। वीरवार सुबह एक स्कूल बस चालक ने कार को जली हुई हालत में देखकर मालिक को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आग लगने के कारणों और घटना में शामिल व्यक्ति का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
कांगड़ा/लंबागांव
बसूं गांव निवासी देवराज व्यवसाय करते हैं। उन्होंने बुधवार शाम रोजाना की तरह अपनी बलेनो कार एचपी 56-3135 को घर से कुछ दूरी पर सड़क किनारे खड़ा किया था। रात के समय किसी अज्ञात व्यक्ति ने कार में आग लगा दी, जिससे वाहन बुरी तरह जल गया। वीरवार सुबह करीब साढ़े सात बजे क्षेत्र में स्कूल बस चलाने वाले एक चालक की नजर जली हुई कार पर पड़ी। चालक ने फोन पर देवराज को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद वह मौके पर पहुंचे और कार को जली हुई हालत में पाया।
कार मालिक देवराज ने घटना की जानकारी पंचायत प्रधान नंदनी को दी। पंचायत प्रधान ने इसके बाद पुलिस चौकी आलमपुर को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। डीएसपी बैजनाथ संदीप शर्मा ने घटना की पुष्टि की है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कार में आग किस कारण लगी और इस घटना में कौन शामिल था।