ऑल्टो कार व बाइक की जोरदार भिड़ंत, हादसे में एक की मौत

By Ankita Published: 5 Apr 2023, 10:13 AM | Updated: 5 Apr 2023, 10:13 AM 1 min read

HNN/ कुल्लू

हिमाचल में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। वाहन चालकों की लापरवाही की वजह से आए दिन कई सड़क हादसे देखने को मिल रहे हैं।

मामला जिला कुल्लू के देवधाम के समीप का है, यहां एक ऑल्टो कार व बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई है। हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई है।

मृतक की पहचान सुख राम (48 ) पुत्र स्व. राजू राम निवासी गांव वाशिंग डाकघर बबेली जिला कुल्लू के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही अमल में लाई है।

जानकारी के मुताबिक, सुख राम बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहा था। इस दौरान जैसे ही वह देवधाम के समीप पहुंचा तो एक ऑल्टो कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में वह बुरी तरह जख्मी हुआ। घटना के बाद स्थानीय लोगों द्वारा उसे तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

चिकित्सकों द्वारा इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और ऑल्टो कार चालक को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।