HNN/ हमीरपुर
हिमाचल में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। वाहन चालकों की लापरवाही की वजह से प्रदेश में आए दिन कई दर्दनाक सड़क हादसे देखने को मिल रहे हैं। मामला हमीरपुर जिला के उपमंडल भोरंज के कस्बे लदरौर का है, यहां एक तेज रफ्तार कार ओवरटेक करते हुए एक बाइक से टकरा गई।
हादसे में चालक की मौत हो गई है। मृतक की पहचान साहिल पुत्र प्रवीण कुमार निवासी बस्सी के रूप में हुई है। वहीं पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, एक निजी बस लदरौर खुर्द विद्युत सब स्टेशन के समीप हाईवे बस स्टॉप पर सवारियों को उतार रही थी। इस दौरान पीछे से आ रही कार ने बस को ओवरटेक किया और सामने से आ रही बाइक से टकरा गई।
बाइक से टकराने के बाद गाड़ी सड़क के किनारे पलट गई और बाइक सवार भी नाली में जा गिरा। हादसे में साहिल गंभीर रूप से घायल हुआ। घटना के बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक वह दम तोड़ चुका था। मामले की पुष्टि थाना प्रभारी भोरंज मस्त राम नायक ने की है।

