Loading...

कच्चा टैंक स्थित रघुनाथ मंदिर परिसर में तोड़ा अस्थियों का स्थान, रविदास सभा ने…..

Ankita 12 Feb 2023 Edited 12 Feb 1 min read

HNN/ नाहन

सिरमौर के मुख्यालय नाहन के कच्चा टैंक स्थित श्री रघुनाथ मंदिर के परिसर में अस्थियों को रखने की सुरक्षित जगह को तोड़ दिया गया है। बता दें जब आज रामदासिया मोहल्ले के रहने वाले काका राम की अस्थियों को रखने के लिए उसके परिजन वहां पहुंचे तो अस्थियों को रखने वाली जगह टूटी हुई थी।

श्री गुरु रविदास सभा ने इस कृत्य पर सवाल उठाए हैं। अध्यक्ष बाबू राम ने बताया कि आज तक मोहल्ला वासी इस स्थान पर मृतकों की अस्थियों को गंगा में प्रवाहित करने से पहले मंदिर रघुनाथ में बने स्थान पर रखते आए हैं। लेकिन उस जगह को अब तोड़ दिया गया है। जिससे मृतक की अस्थियों को अन्य कर्म के दौरान साथ लेकर घूमना पड़ा।

अध्यक्ष ने कहा कि जल्द ही श्री गुरु रविदास सभा का प्रतिनिधिमंडल प्रशासन के अधिकारियों से मिलेगा। उन्होंने बताया कि आईटीबीपी से रिटायर काका राम की मृत्यु के बाद शुक्रवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया था। रविवार को जब अस्थियां एकत्रित करने के बाद इसे रखने के लिए रघुनाथ मंदिर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि लाॅकर्स तोड़ दिए गए हैं और मलबा भी वहीं पड़ा हुआ है।

इसके बाद मंदिर में ही अस्थियों को रखने की व्यवस्था की गई। शहर में एक तबका मोक्षघाट से अस्थियों को एकत्रित करने के बाद सीधे हरिद्वार रवाना हो जाता है, लेकिन कुछ लोग अस्थियों को एकत्रित करने के बाद इसे सुरक्षित जगह पर रखते हैं, क्योंकि एक तय समय पर हरिद्वार के लिए रवाना होना पड़ता है।

ऐसे लोगों के लिए ही अस्थियों को रखने के लिए स्थान बनाया गया था। श्री गुरु रविदास सभा के अध्यक्ष ने ये भी कहा कि नगर परिषद द्वारा इस स्थान का निर्माण किया गया था।