कमरे में धुआं फैलने से व्यक्ति का घुटा दम, मौके पर ही मौत

By SAPNA THAKUR Published: 28 Dec 2022, 10:01 AM 1 min read

HNN/ मंडी

प्रदेश के जिला मंडी में एक व्यक्ति की दम घुटने के कारण मौत हो गई है। इस दौरान कमरे में धुआं फैल गया जिसके कारण व्यक्ति का दम घुटने लगा और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मामला बल्ह उपमंडल के ढाबण गांव का है। यहां मिस्त्री का काम करने वाला बैसाखू राम (45) घर पर अकेला था।

वह रात को हीटर जलाकर सो गया जिससे हीटर की तपिश से सेटी सुलगने लगी। ऐसे में पूरे कमरे में धुआं फैल गया जिसके कारण व्यक्ति का दम घुटने लगा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह के वक्त जब पत्नी मौके पर पहुंची तो उसके होश उड़ गए। उसने देखा कि बैसाखू राम बिस्तर में ही मृत अवस्था में पड़ा हुआ था।

उधर, पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि एक व्यक्ति की धुएं के कारण दम घुटने से मौत हुई है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद धनोटू पुलिस की टीम मौके पर पहुंची थी। बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा लिया है साथ ही मामले की तहकीकात जारी है।

Tags: