Loading...

कल से शुरू होगा धर्मपुर का देव और नलवाड़ मेला

PARUL • 3 Apr 2024 • 1 Min Read

HNN/मंडी

जिला मंडी में धर्मपुर क्षेत्र में देव और नलवाड़ मेले की तैयारियां अब पूर्ण हो चुकी हैं। मेले का शुभारंभ चार अप्रैल को मंडलायुक्त मंडी राखिल काहलों करेंगी। इस वर्ष भी देवी-देवताओं की जलेब चार अप्रैल को शीतला माता परिसर से पूजा अर्चना के बाद शुरू होगी और मेला स्थल पर पहुंचेगी। जहां मेले का विधिवत रूप से शुभारंभ किया जाएगा।

मेला कमेटी के अध्यक्ष एसडीएम धर्मपुर जोगिंद्रपाल पटियाल ने बताया कि चार अप्रैल को मंडलायुक्त मंडी राखिल काहलों मेले का शुभारंभ करेंगी। मेले की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इस बार मेले को अलग रूप दिया गया है। इसमें प्रदेश के कलाकारों को महत्व दिया गया है। मेले की शोभायात्रा में महिला मंडल भी शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि मेले को पूरी तरह से सफल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। मेले में आने जाने के लिए परिवहन की उचित व्यवस्था करने के हिमाचल पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक को आदेश जारी कर दिए हैं। वहीं, कानून व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाने के लिए पुलिस की टीम मोर्चा संभालेगी और हुड़दंगियों को बक्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने व्यापारियों की सुविधा के लिए बिजली-पानी की उचित व्यवस्था की गई है ताकि उन्हें कोई परेशानी न उठानी पड़े। उन्होंने कहा कि 9 अप्रैल को मेले का विधिवत रूप से समापन होगा। इसकी अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त मंडी रोहित राठौर करेंगे और जलेब में शामिल होंगे।