कहासुनी के बाद युवक पर चाकू से किया हमला, मामला दर्ज
HNN/हमीरपुर
जिला हमीरपुर में नादौन उपमंडल के अंतर्गत आने वाले जसोह गांव में एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला संज्ञान में आया है। पुलिस ने शिकायतकर्ता के आधार पर पांच युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। पीड़ित की पहचान राहुल गांव शांतला के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राहुल जसोह गांव में अपने मामा के घर आया हुआ था। इस दौरान उसकी पांच युवकों के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई और आरोपियों ने राहुल से मारपीट करनी शुरू कर दी। इतना ही नहीं आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला भी किया। जिससे राहुल बुरी तरह जख्मी हो गया।
जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हुए और राहुल को उपचार के लिए हमीरपुर अस्पताल ले गए। जहां पर उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित राहुल की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
एसपी हमीरपुर डाॅ. आकृति शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि दो आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।