Loading...

कांग्रेस नेताओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं को मान-सम्मान देने पर जोर दिया

By NEHA Published: 23 Sep 2024, 6:18 PM | Updated: 23 Sep 2024, 6:18 PM 1 min read

HNN/शिमला

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रदेश मामलों के सह प्रभारी विदित चौधरी ने कहा है कि प्रदेश सरकार में पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ताओं को मान सम्मान मिले, इसके लिए वह पूरे प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता किसी भी पार्टी की रीढ़ होती है और उनकी मजबूती से ही किसी भी प्रदेश में किसी भी पार्टी की सरकार बनती है।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पार्टी नेताओं व पदाधिकारियों की बैठक को सम्बोधित करते हुए चौधरी ने कहा कि उनका उद्देश्य संगठन को मजबूत करना है और इसके लिये वह केंद्रीय आला कमान के समक्ष प्रदेश से जुड़े संगठन के मसलों को हल करने के लिए मजबूती से पैरवी करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन मजबूत होगा तो सरकार मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि पार्टी नेताओं का कार्यकर्ताओं के साथ संवाद रहना चाहिए। चौधरी ने कहा कि पार्टी के जिस भी पदाधिकारी को जो भी जिम्मेदारी दी गई है उसे उन्हें पूरी निष्ठा व ईमानदारी से निभाना होगा और इसके लिए उनकी जवाबदेही तय की जाएगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में पार्टी की मजबूती के लिए प्रदेश कार्यकारिणी में निष्ठावान व कर्मठ लोगों को अवसर देने की जरूरत है। उन्होंने कहा लंबे समय से पार्टी के लिये कार्य करने वाले लोगों को प्रदेश सरकार में भागेदारी मिलनी चाहिए।

प्रतिभा सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनावों में कांग्रेस को हार का मुंह देखना पड़ा जबकि विधानसभा उप चुनावों में कांग्रेस ने 9 सीटों में से छह पर जीत हासिल की। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों में हार के कारणों पर गहन मंथन की जरूरत है। उन्होंने कहा कि संगठन से जुड़े अहम मसलों पर समय समय पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से बातचीत होती रही है और आगे भी होती रहेंगी।

प्रदेश कांग्रेस संगठन महामंत्री रजनीश किमटा ने कहा कि संगठन अपने दायित्व को पूरी ईमानदारी से निभा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी आलाकमान से जो भी दिशा निर्देश प्रदेश कांग्रेस कमेटी को मिलते है उन्हें पूरा किया जाता है।