Loading...

काम कर रहे मिस्त्री को चोरी की लगी भनक, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

PARUL • 8 Dec 2023 • 1 Min Read

HNN/कांगड़ा

जिला कांगड़ा में नगर निगम पालमपुर के तहत आने वाले वार्ड आइमा में चोरों ने एक निर्माणाधीन घर में चोरी का प्रयास किया। लेकिन वहां काम कर रहे एक मिस्त्री को चोरी की भनक लग गई और उसने चोरी करते एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस द्वारा मामले में आगामी कार्यवाही शुरू कर दी गई है। आरोपी की पहचान आरोपी सूरज निवासी गौरा जिला अकबरपुरा (यूपी) के रूप में हुई है। फरार हुए आरोपी की पहचान शिवा जो की पकड़े गए आरोपी सूरज का भाई है।

जानकारी के मुताबिक, सरकारी संस्थान में तैनात सहायक प्रोफेसर अर्चना अपने पुराने घर में थी। उनके नए मकान का काम चल रहा है। इस दौरान रात करीब 8:45 बजे उन्हें मकान में काम कर रहे मिस्त्री का फोन आया कि घर में कोई चोरी कर रहा है। सूचना मिलते ही वह अपने निर्माणाधीन घर पहुंचीं। जहां मिस्त्री ने उसे बताया कि एक लड़का यहां घर की बिजली वायरिंग की तारों को काट कर बोरे में भर रहा है।

जब उन्होंने घर में तलाश की तो घर के अंदर ही छिपे हुए आरोपी सूरज को पकड़ लिया गया। जबकि दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया। जिसके बाद उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार किया। अतिरिक्त थाना प्रभारी नरेंद्र ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।